भट्ठी में कपड़ा जलाने से प्रदूषण फैलने की शिकायत
शिवाला कलां। गांव नैनू नांगल के लोगों ने भट्ठी में कपड़ा जलाकर प्रदूषण फैलाने की शिकायत की है।
गांव के विपिन कुमार, घनश्याम सिंह, गौरव शर्मा, प्रेम कुमार, सुनील कुमार, महावीर सिंह, अवनीश कुमार, शिव चरण सिंह आदि ग्रामीणों ने जिलाधिकारी बिजनौर को शिकायती पत्र प्रेषित किया। शिकायत की है कि गांव के ही दो लोगों ने आबादी के बीच अवैध रूप से भट्ठियां लगा रखी हैं, जिनमें प्लास्टिक और गंदे कपड़े जलाकर शीरे व केमिकल से गुड़ तैयार कर बेच रहे हैं। भट्ठी में कपड़ा जलाने से गांव में जहरीला काला धुआं व छाई घरों में गिरती है। जिस कारण गांव में बुजुर्गों व बच्चों में दमा के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत करने पर प्रदूषण नियंत्रण विभाग के अधिकारी देखने तो आते तो हैं, लेकिन घूम कर चले जाते हैं और कोई कार्यवाही नहीं होती। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से गांव में अवैध रूप से चल रही भट्ठियों को बंद कराने की मांग की। संवाद