कॉलेज खुल गए, नहीं हुई पढ़ाई
बिजनौर। जिले के डिग्री कॉलेज आज से पठन-पाठन के लिए खुल गए हैं। पहले दिन पांच छह प्रतिशत छात्र ही आए। कॉलेज में मास्क लगाकर आने वाले छात्रों को ही प्रवेश दिया गया। कहीं भी कक्षाएं नहीं चलीं।
करीब नौ माह बाद डिग्री कॉलेज भी आज पठन पाठन के लिए खुले जरूर पर कहीं भी कक्षाएं नहीं लगी। जिले में करीब 150 प्राइवेट व छह अर्द्ध सरकारी डिग्री कॉलेज है। इनमें वर्धमान डिग्री कॉलेज व आरबीडी डिग्री कालेज बिजनौर में हैं। सोमवार को कालेज में ज्यादातर छात्र-छात्राएं प्रवेश लेने या छात्रवृत्ति का फार्म भरने के लिए आए। पढ़ने वालाें की संख्या नगण्य रही। कॉलेज प्रशासन छात्रों के प्रवेश को लेकर सख्त था। कॉलेज के मुख्य पर छात्रों की चेकिंग हो रही थी। मास्क लगाकर आने वाले छात्रों को ही प्रवेश दिया जा रहा था। शिक्षकों की टीम कालेज में घूमकर चेकिंग कर रही थी।
वर्धमान कॉलेज के रसायन विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर मुकेश कुमार ने बताया कि कॉलेज में आने वालों को सोशल डिस्टेंस का पालन कराया जा रहा है।
महिला आरबीडी की प्राचार्या जकिया रफत के मुताबिक सोमवार को केवल प्रवेश व छात्रवृत्ति का फार्म भरने वाली छात्राएं ही आईं। कक्षा कोई नहीं लगी।
कृष्णा कॉलेज के निदेशक पवन राजूत के मुताबिक सोमवार को छात्र-छात्राओं की संख्या नगण्य रही, इसलिए कक्षाएं नहीं लगी।