गाजियाबाद मुठभेड़ का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जो लोग अपनी औलाद को सही रास्ता नहीं दिखा पा रहे हैं, वे भारी गलती कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की संवेदना हमेशा सामान्य और कानून का पालन करने वाले नागरिकों के साथ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि जाति, क्षेत्र, भाषा अथवा मत के आधार पर कोई भेदभाव नहीं किया गया और सभी को समान रूप से सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
उन्होंने कहा कि अहिंसा और करुणा मानवता के आभूषण हैं, लेकिन समाज और राष्ट्र के सामने दुष्ट एवं अपराधी प्रवृत्तियों से सख्ती से निपटना भी आवश्यक है। भगवान श्रीकृष्ण और भगवान श्रीराम के आदर्शों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सज्जनों की रक्षा और दुष्कर्मियों के दमन के लिए दृढ़ता जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग सामान्य नागरिकों, गरीबों, महिलाओं और समाज की सुरक्षा के लिए खतरा बनते हैं, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने देश विरोधी गतिविधियों में शामिल तत्वों के प्रति भी सख्त रुख अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्र की सुरक्षा के लिए कानून का शासन सर्वोपरि है तथा अपराध और अराजकता फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं तथा दूर-दराज से आए हजारों लोगों ने भाग लिया। सभास्थल के आसपास लंबी दूरी तक वाहनों की कतारें देखी गईं।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, पुलिस उपमहानिरीक्षक, पुलिस अधीक्षक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहे। कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।