रेहड़ में अलीगंज रायपुरी बॉर्डर पर स्थित जूनियर हाईस्कूल में हैंडपंप खराब होने के कारण पानी की व्यवस्था नहीं हो पाने के कारण बच्चों ने स्कूल जाना ही छोड़ दिया है।
अभिभावकों ने बताया कि बच्चों को पानी पीने के लिए स्कूल से घर आना पड़ता है। ग्रामीण वेदप्रकाश, परमिंद, प्रदीप शर्मा, पंकज, अबरार हुसैन आदि का कहना है कि कई बार बीडीओ, बीईओ को हैंडपंपों के खराब होने के संबंध में जानकारी दी। हालांकि इस समस्या का समाधान नहीं हुआ।
इस चक्कर में बच्चों ने स्कूल में जाना तक बंद कर दिया है। ग्रामीणों ने बताया कि बस स्टैंड व विशंभर दास विद्या मंदिर में लगे हैंडपंप भी खराब हालत में हैं। उधर, ग्राम पंचायत अलीगंज के प्रधान हरवंश सिंह का कहना है कि ब्लॉक के अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। शीघ्र समस्या का समाधान कराया जाएगा।
कई हैंडपंपों ने पानी देना किया बंद
मंडावली में मंडावली क्षेत्र के गांव शेखूपुरा आलम, कांठपुर, प्रेमपुरी, गदायिका, मंडावली आदि गांवों में लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। गांव गदायिका में लगे पांच इंडिया मार्क टू हैंडपंपों में से दो हैंडपंप खराब पड़े हैं, जबकि शेष तीन हैंडपंपों से गांववालों को पानी नहीं मिल पा रहा है। ग्रामवासियों राजपाल, शरीफ, मुनव्वर, बुंदू, इलियास, नीटू, असलम आदि का कहना है कि भीषण गर्मी के बीच बारिश न होने, नहरों में पानी न छोड़े जाने, तालाब सूखने के साथ भूगर्भीय जल काफी नीचे चला गया है, जिससे हैंडपंपों ने भी पानी देना बंद कर दिया है। ऐसे ही हालात क्षेत्र के अन्य गांवों के होने से क्षेत्रवासी परेशान हैं। बूंद बूंद पानी के लिए परेशान गांव वालों ने प्रशासन से फसलों और ग्रामीण जनजीवन की सुरक्षा के लिए अविलंब पुख्ता इंतजाम करने की मांग की।