गांवों में सफाई अभियान की होगी निगरानी
बिजनौर। सीडीओ केपी सिंह ने सभी खंड विकास अधिकारियों सहित संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक शनिवार एवं रविवार को ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित विशेष सफाई अभियान की निगरानी एवं समीक्षा सुनिश्चित करने तथा सामुदायिक शौचालय एवं पंचायत भवनों का निर्माण मनरेगा कनवर्जन के अंतर्गत कराने के निर्देश दिए हैं।
सीडीओ केपी सिंह ने शनिवार को विकास भवन सभागार में अधिकारियों के साथ मनरेगा, सामुदायिक शौचालय एवं पंचायत घर निर्माण आदि कार्यों की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने खंड विकास अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सामुदायिक शौचालय का निर्माण कार्य मनरेगा कनवर्जन के अंतर्गत कराएं तथा पंचायत भवनों का निर्माण भी मनरेगा योजना के तहत कराया जाना सुनिश्चित करें। जिन अधिकारियों द्वारा अभी तक आईडी जनरेट नहीं कराई गई है। वे तत्काल अपनी आईडी जनरेट कराकर कार्य प्रारंभ करें। आवास प्लस योजना के लाभार्थियों के आधार कार्ड अपलोड कराएं ताकि समय से उन्हें लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि 399 ग्राम पंचायतों में पंचायत घरों तथा कम्यूनिटी टॉयलेट का निर्माण मानक के अनुरूप एवं गुणवत्ता पूर्वक होना चाहिए। इसके अलावा राष्ट्रीय आजीविका मिशन कार्यक्रम के अंतर्गत गठित 2900 महिला समूहों के बैंकों में खाते खुलवाने में अपना सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक डीआरडीए राजेश कुमार श्रीवास्तव, डीसी एनआरएलएम ज्ञान सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी सतीश कुमार, सभी खंड विकास अधिकारी, अवर अभियंता आरईएस, एडीओ पंचायत सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।