चीनी मिल के सीजेएम का किया घेराव
बिजनौर। बिजनौर चीनी मिल के आसपास की कॉलोनी में रहने वाले लोगों ने छाई की समस्या के विरोध में मिल के सीजेएम रवींद्र शुक्ला का घेराव किया। एक सप्ताह के अंदर छाई से निजात न मिलने पर मिल गेट पर धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी।
मिल के आसपास की कॉलोनी के निवासियों ने सीजेएम रविंद्र शुक्ला से बताया कि मिल की छाई की वजह से उनका जीना मुहाल हो गया है। हर समय मिल की छाई उनके मकानों की छत, आंगन और सड़कों पर गिरती रहती है। इससे लोगों को सांस लेने में तो दिक्कत हो ही रही है, कपड़े आदि खराब होने से नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। मिल प्रबंधन से छाई की समस्या से निजात दिलाने की मांग की गई। चेतावनी दी गई की अगर मिल प्रबंधन सात दिन के अंदर छाई की समस्या से निजात नहीं दिलाता है तो आसपास की कॉलोनी वाले मिल गेट पर धरना देंगे। सीजेएम रविंद्र शुक्ला ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान केके अग्रवाल, प्रदीप चौधरी, अनिरूद्घ कुमार, देवेंद्र सिंह, विवेक चौधरी, कामेंद्र सिंह, मयंक त्यागी, संदीप कुमार, विनय अग्रवाल, अजय सिंह, जावेद आदि मौजूद रहे।