बिजनौर में जिला प्रशासन ने भाजपा के 27 नवंबर को बिजनौर में होने वाले युवा सम्मेलन को इंदिरा बाल भवन में कराने की अनुमति नहीं दी है। भाजपा नेता बृहस्पतिवार को इस मामले को लेकर जिलाधिकारी जगतराज से मिले। डीएम ने भाजपा नेताओं तो बताया कि 27 नवंबर को इंदिरा बाल भवन में सरकारी कार्यक्रम है। इस वजह से बाल भवन में कार्यक्रम होने की भाजपा को अनुमति नहीं दी जा सकती। अब सम्मेलन इंदिरा बाल भवन की जगह डीएवी इंटर कॉलेज में कराने का भाजपा नेताओं ने निर्णय लिया र्है।
भाजपा नेताओं ने पार्टी का 27 नवंबर को होने वाले सम्मेलन को इंदिरा बाल भवन में कराने का निर्णय लिया था। इंदिरा बाल भवन को बुक कराने के लिए बाकायदा रशीद भी कटवा ली थी। एसडीएम ने बुधवार को सरकारी कार्यक्रम होने की बात कहकर इंदिरा बाल भवन सम्मेलन के लिए देने से इंकार कर दिया था। बृहस्पतिवार को भाजपा नेताओं ने डीएम से मिलने का निर्णय लिया था। डीएम ने भाजपा नेताओं को इंदिरा बाल भवन सम्मेलन के लिए देने से मना कर दिया। डीएम ने कहा कि 27 नंवबर को सरकारी कार्यक्रम है। कार्यक्रम में मंत्री आजम खां भाग लेंगे। इसलिए इंदिरा बाल भवन सम्मेलन के लिए नहीं दिया जा सकता। भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव सिसौदिया के मुताबिक सपा इतनी बौखला गई है कि छोटी सोच व घटिया राजनीति पर उतर आई है। इंदिरा बाल भवन नहीं देने पर डीएम से आपत्ति जता दी है। डीएम से मिलने वालों में पार्टी के जिलाध्यक्ष के अलावा रंजीत चौधरी, डॉ. बीरबल, अतुल मारवाड़ी , नीरज शर्मा, दीक्षांत अग्रवाल, दुष्यंत सिंह आदि शामिल थे।