चार साल में डेढ़ गुना रकम लौटाने के नाम पर ठगी
धामपुर। नगर के एक व्यक्ति ने धामपुर के ही एक व्यक्ति पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए नामजद रिपोर्ट कायम कराई है। बताया कि आरोपी एक ग्रुप के नाम से फाइनेंस कंपनी चलाता था। उसने तीन साल तक रुपये जमा करने पर चौथे साल में जमा रकम का डेढ़ गुना धन वापस देने का भरोसा दिया था। आरोप है कि उसने साल 2015 से 2020 तक करीब 15 लाख की रकम जमा की। लेकिन अब आरोपी अनुबंधन के तहत उसकी रकम को वापस नहीं कर रहा है। आरोप है कि मांगने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। पुलिस ने रिपोर्ट कायम कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मोहल्ला लोहियान निवासी आयुष जैन ने बताया कि मोहल्ला अफगानान निवासी सौरभ कुमार अग्रवाल एक ग्रुप के नाम से फाइनेंस कंपनी चलाता था। जिसमें लोगों की रकम ब्याज पर देने के लिए इस शर्त पर लगाता था कि जो व्यक्ति तीन साल तक कंपनी में जितने रुपये लगाएगा, चौथे साल में उसे कुल रकम का डेढ़ गुना धन लौटाया जाएगा। आरोपी से उसके पारिवारिक संबंध थे। वह उसके झांसे में आ गया। उसने जुलाई 2015 से साल 2020 तक करीब 15 लाख की रकम जमा की। वह कभी जमा रकम के बदले खुद रसीद देता था। कभी कभार उसका मुंशी रसीद दे देता था। आरोपी ने जमा रकम में करीब साढ़े 11 लाख की रकम तो नकद में दी। अब बाकी रकम नहीं दे रहा है। अप्रैल 2021 में जब वह रकम को लेने गया तो आरोपी ने उसके साथ अभद्रता की। अब वह उसे और उसके परिवार के लोगों को जान से मारने की धमकी दे रहा है। पुलिस ने एसपी के आदेश पर नामजद रिपोर्ट कायम कर कार्रवाई शुरू कर दी है।