नीरज के स्वर्ण जीतने पर मनाया जश्न
बिजनौर। टोक्यो ओलंपिक में नीरज चोपड़ा के भाला प्रक्षेप में देश के लिए स्वर्ण जीतने पर नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम में जश्न मनाया गया। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों और जन प्रतिनिधियों की मौजूदगी में जमकर आतिशबाजी हुई। खिलाड़ियों ने ढोल नगाड़े बजाकर जमकर नृत्य किया तथा एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया।
शनिवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम में कार्यक्रम में एडीएम प्रशासन ने कहा कि एथलेटिक्स में नीरज चोपड़ा ने विश्व पटल पर भारत का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि नीरज ने भारत को गोल्ड मेडल दिलाकर खुद को साबित किया है। इसका हर भारतवासी ऋणी हो गया है।
प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी जयवीर सिंह ने कहा कि यह हर भारतीय के लिए बेहद ही गौरव का क्षण है। यह जीत मील का पत्थर साबित होगी। इससे आने वाली पीढ़ी में हॉकी के प्रति उत्सुकता आएगी। उन्होंने कहा कि ओलंपिक में एथलेटिक्स की गोल्ड मेडल से शुरुआत हुई। कार्यक्रम में विकास सेतिया, डा. राहुल विश्नोई, डीएफओ डा. एम सेम्मारन, वरिष्ठ भाजपा नेता हरजिंदर कौर, दीपक गर्ग मोनू सहित एथलेटिक्स के तमाम खिलाड़ी मौजूद रहे।