नूरपुर। शुक्रवार की देर रात कस्बे से अपनी दुकान बंद कर चांदपुर थाना क्षेत्र के गांव किरतपुर लौट रहे बाइक सवार भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष व व्यापारी विनोद चौहान से बदमाशों ने लूटपाट की।
गांव आजमपुर व किरतपुर के बीच बाइक सवार चार बदमाशों ने उन्हें धक्का मारकर गिरा दिया। इसके बाद बदमाश बाइक, मोबाइल फोन व 1500 रुपये लूटकर भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश की लेकिन वह हाथ नहीं लगे। पुलिस ने व्यापारी विनोद चौहान की तहरीर पर मामला दर्ज कर कार्रवाई तेज कर दी है। उधर शुक्रवार को थाना धामपुर के गांव सलाराबाद निवासी संतोष देवी टेंपो से शिवाला कलां के एक नर्सिंग होम में पुत्रवधु की डिलिवरी के लिए बीस हजार रुपये देने जा रही थी। पीछे से आए बाइक सवार युवकों ने टेंपो को फीना के दोरानी तिराहे पर रुकवाकर पीड़िता संतोष के हाथ से बैग छीना और भाग गए। यह भी बाइक सवार चार बदमाश थे। पुलिस घटना स्थल के आसपास लगें सीसीटीवी कैमरों व मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर जल्द ही घटना के खुलासे की बात कह रही है। संवाद