टोल पर हंगामा करने में किसान नेता पर मुकदमा दर्ज
नगीना। थाना क्षेत्र के गांव पुरैनी में स्थित टोल प्लाजा के कर्मचारियों के साथ गाली गलौज करने व टोल प्लाजा की दो लाइनों को 50 मिनट तक बंद करने के आरोप में पुलिस ने किसान नेता के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया है। आरोपी किसान नेता भारतीय किसान यूनियन तोमर गुट युवा के जिलाध्यक्ष हैं।
नगीना थाने में दी गई तहरीर में फोरलेन धामपुर रोड पर गांव पुरैनी में स्थित टोल प्लाजा के प्रबंधक विकास सिंह ने कहा कि 21 अप्रैल को शाम करीब 4:20 पर विशाल बालियान अपने कुछ साथियों के साथ पुरैनी टोल प्लाजा पर आया तथा स्टाफ के साथ गाली-गलौज करने लगा। लेन नंबर एक व दो को करीब 50 मिनट तक बंद कर दिया, जिससे टोल प्लाजा के राजस्व को काफी हानि हुई तथा स्टाफ के अंदर भय का माहौल बना। शाम करीब पांच बजे विशाल बालियान धरना देने व स्टाफ को मारने की धमकी देकर चला गया। थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण मुरारी दोहरे ने मुकदमा दर्ज होने की पुष्टि की है।
टोल प्लाजा के प्रबंधक विकास सिंह ने बताया कि आरोपी भारतीय किसान यूनियन (युवा) तोमर गुट के जिला अध्यक्ष हैं तथा अपनी गाड़ियों के अलावा अपने साथियों की गाड़ियों को भी टोल पर फ्री पास कराना चाहते है। भारतीय किसान यूनियन तोमर गुट युवा के जिला अध्यक्ष विशाल बालियान का कहना है कि पूर्व में टोल प्लाजा के अधिकारियों की मौजूदगी में किसान यूनियन के पदाधिकारियों को टोल से निशुल्क निकाले जाने की सहमति बन गई थी। इसके बावजूद आए दिन टोल प्लाजा कर्मचारी किसान नेताओं के साथ अभद्रता करते हैं। टोल कर्मियों के द्वारा लगाए जा रहे आरोप निराधार हैं।