अफजलगढ़ के गांव रफैतपुर में पूजा पाठ करने के लिए ट्यूब के सहारे मार्ग तय करते श्रद्धालु।
- फोटो : BIJNOR
ट्यूब के सहारे पहुंचकर किया बाबा के थले पर यज्ञ
अफजलगढ़। बारिश के कारण उफान पर आईं नदियों से क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं ने ट्यूब के सहारे दो किलोमीटर का सफर तय किया और सिद्धबली बाबा के थले पर हवन, पूजन किया। बाबा के थले पर प्रतिवर्ष मेला लगता है, लेकिन इस बार बाढ़ के कारण श्रद्धालु वहां नहीं पहुंच सके।
क्षेत्र के गांव रफैतपुर हुलास में प्रतिवर्ष सिद्धबली बाबा के थले पर यज्ञ व मेले का आयोजन किया जाता है। रामगंगा नदी में बाढ़ आ जाने के कारण मेले का आयोजन गांव में ही किया गया। श्रद्धालुओं ने गांव के शिवमंदिर पर ही प्रसाद चढ़ाया। मेला समिति के उपाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी गांव से दो किमी दूर स्थित सिद्धबली बाबा के थले पर प्रसाद व मेले का आयोजन किया जाना था। लेकिन रामगंगा व बनैली नदी की बाढ़ के चलते थले पर दर्जनों श्रद्धालु टायर ट्यूब की सहायता से पहुंचे और यज्ञ व पूजन किया। पूजन पंडित राघव शर्मा ने संपन्न कराया। थले स्थल तक बाढ़ का पानी फैला होने से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए थले स्थल से मिट्टी लाकर गांव के शिवमंदिर पर स्थापित की गई। वहीं पर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद चढ़ाकर मन्नत मांगी। गांव में मेले के आयोजन में कमेटी के अध्यक्ष विपिन गहलोत, सचिव देवेंद्र सिंह गहलोत, संजय कुमार, रमेश सिंह, संजीव कुमार, राजवीर सिंह, सुरेश कुमार व ग्राम प्रधान के पति सोमपाल सिंह आदि का सहयोग रहा।