राष्ट्रीय राजमार्ग पर टेलीफोन एक्सचेंज के पास हुआ हादसा
एक दर्जन से अधिक सवारियों को मामूली चोटें आईं
संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना(बिजनौर)। अनियंत्रित हुई निजी बस दो बाइक सवारों को टक्कर मारते हुए एक मकान के पिलर से जा टकराई। बाइक सवार दोनों सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि एक दर्जन से अधिक सवारियों को मामूली चोटें आईं। घटना के दौरान एक बाइक बस के अंदर पहियों में फंस गई। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बिजनौर रेफर कर दिया गया।
नगीना काशीपुर मार्ग पर चलने वाली निजी बस रविवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे नगीना से धामपुर की दिशा में जा रही थी। राष्ट्रीय राजमार्ग पर टेलीफोन एक्सचेंज के पास सामने से अलग-अलग बाइकों पर आ रहे दोनों बाइक सवारों को टक्कर मारती हुई बस करीब में स्थित एक मकान के पिलर पर जा टकराई। इस घटना में बाइक सवार ग्राम बघाला निवासी निवासी नीरज और उसका भाई अंकित गंभीर रूप से घायल हो गए। एक दर्जन से अधिक सवारियों को भी मामूली चोटें आईं। दो घायलों को नगीना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद बिजनौर रेफर कर दिया गया।
इस घटना में मकान के पिलर और बस भी क्षतिग्रस्त हो गई। बस के अनियंत्रित होने के अभी सही कारणों का पता नहीं चल सका हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार का कहना है कि इस मामले में अभी किसी पक्ष से भी कोई तहरीर नहीं मिली है।