पंचायतों में चलेगा पुस्तक दान अभियान
बिजनौर। प्रशासन की पंचायतों में लाइब्रेरी खोलने की मुहिम रंग ला रही है। लाइब्रेरियों में पाठकों की संख्या बढ़ रही। ग्रामीणों में पठन-पाठन की प्रवृत्ति को बढ़ावा मिल रहा। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं की संख्या बढ़ी है। गांव के पढ़े लिखे बुजुर्गों ने भी लाइब्रेरी आना शुरू किया है। पंचायतों में जल्द ही पुस्तक दान अभियान चलेगा।
डीपीआरओ सतीश कुमार के अनुसार ग्रामीणों से बच्चों के जन्मदिन आदि उत्सवों पर लाइब्रेरी में किताब दान देने की अपील की। पंचायतों में मई से लाइब्रेरी स्थापना का काम शुरू हुआ, जिले में 1134 पंचायत हैं। डीएम उमेश मिश्रा ने दो मई को मोहम्मदपुर देवमल ब्लॉक के गांव मौजमपुर सुजान में पहली सार्वजनिक लाइब्रेरी का शुभारंभ किया। डीएम ने उम्मीद जताई थी की पंचायतों की लाइब्रेरी ग्रामीण युवाओं के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मील का पत्थर साबित होगी। अब कई पंचायत में लाइब्रेरी का संचालन शुरू हो गया है। डीपीआरओ सतीश कुमार के निरीक्षण में मिला कि लाइब्रेरी में अखबार, प्रतियोगी पुस्तक, मैगजीन समेत ज्ञान वर्धक पुस्तकें उपलब्ध है। युवा सुबह-शाम आकर राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय क्षेत्र की खबर, घटनाओं से अपडेट हो रहे।
बताया कि गांव के पढ़े लिखे बुजुर्ग भी अब तो अखबार पढ़ने के लिए आते हैं। बुजुर्गों ने बताया की लाइब्रेरी आकर अखबार पढ़ना उनकी दिनचर्या बनता जा रहा है। मौजमपुर सुजान के बाद ग्राम पंचायत अल्लैहपुर धामपुर की लाइब्रेरी पठन पाठन की अपडेट सामग्री उपलब्ध कराकर मिसाल बनी है।
पुस्तक दान अभियान चलेगा
डीपीआरओ सतीश कुमार ने बताया कि लाइब्रेरी के संचालन की जिम्मेदारी ग्राम पंचायतों पर है। पंचायतों के आय के श्रोत सीमित है। पंचायतों में लाइब्रेरी के मिल रहे रिस्पांस से ग्रामीण उत्साहित हैं। लाइब्रेरी को आगे बढ़ाने की बात सोचने लगे हैं। ग्रामीणों से स्वेच्छा किताब, मैगजीन आदि के सहयोग का आह्वान किया गया है। बताया ग्रामीण पंचायतों में पुस्तक दान अभियान शुरू करेंगे। घर-घर जाकर लोगों से पुरानी पुस्तक रद्दी में नहीं बेचने, इधर-उधर नहीं फेंकने की अपील करेंगे। ग्रामीणों को पुरानी पुस्तक लाइब्रेरी को दान देने को कहेंगे। इससे लाइब्रेरी पुस्तक संग्रहालय बनेंगे। ग्रामीण बच्चों के जन्मदिन पर लाइब्रेरी में किताब दान कर सकते हैं।