सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई बाइक, दो लोगों की मौत
बिजनौर। बृहस्पतिवार रात गांव बिसाठ के पास खड़े ट्रक से बाइक की टक्कर हो गई। जिसमें दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक ममेरे-फुफेरे भाई थे। दोनों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
हल्दौर थाना क्षेत्र के गांव बिसाठ के सामने सड़क पर बृहस्पतिवार को दिन में दो ट्रकों की भिड़ंत हो गई थी। इस हादसे में रामपुर जिले के स्वार थाना क्षेत्र के गांव अलीनगर निवासी चालक नीरज की मौत हो गई थी। हादसे के बाद एक ट्रक तो मौके से चला गया लेकिन दूसरा वहीं खड़ा रहा। पुलिस के मुताबिक हल्दौर थाने के गांव पावटी निवासी 22 वर्षीय गौरव, शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के गांव भगैन निवासी अपने फुफेरे भाई 19 वर्षीय जग सिंह के साथ बाइक से बृहस्पतिवार रात साढ़े आठ बजे गांव भगैन जा रहे थे। उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों व आसपास के लोगों ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। दोनों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस के मुताबिक दोनों युवक बाइक तेजी से चलाकर ले जा रहे थे। तभी उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। गौरव की पांच महीने पहले ही शादी हुई थी। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हल्दौर थाने के प्रभारी निरीक्षक राजेश सोलंकी के मुताबिक दोनों युवकों की बाइक ट्रक से टकराने मौत हुई है। दोनों में से कोई भी युवक हेलमेट नहीं लगाए हुए थे।