बिजनौर जिले के मोहल्ला जाटान निवासी जुनैद की सऊदी अरब में दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों ने शव को भारत लाने के लिए विदेश मंत्री से मदद की गुहार लगाई है।
परिजनों के अनुसार, 30 वर्षीय जुनैद बीते तीन साल से सऊदी अरब में सैलून का कार्य कर रहा था और वहीं रह रहा था। 14 जुलाई को उसे अचानक हार्ट अटैक आया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शव को भारत लाने की प्रक्रिया में आ रही दिक्कतों के चलते परिजन पूर्व चेयरपर्सन के पति शमशाद अंसारी से मिले, जिन्होंने मामले को सांसद चंदन सिंह चौहान के संज्ञान में लाया।
सांसद ने विदेश मंत्रालय को पत्र लिखकर भारत सरकार से शव लाने के लिए आवश्यक सहायता व हस्तक्षेप की मांग की है।
परिवार ने की अपील
जुनैद के परिजनों का कहना है कि वे शव को अंतिम बार देखना चाहते हैं और उसे भारत लाकर विधिपूर्वक अंतिम संस्कार करना चाहते हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से मानवीय आधार पर त्वरित कदम उठाने की मांग की है।