One died due to alcohol, Three sick: नजीबाबाद में साइकिल कारोबारी नौशाद ने अपने दोस्तों के साथ शराब पार्टी की, जिसके बाद चारों की तबियत बिगड़ गई, नौशाद की मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर मिली शराब और बीयर को जांच के लिए लैब भेजा है।
शराब पीने और चिकन खाने से जलालाबाद निवासी दुकानदार नौशाद (35) की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य की भी हालत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शराब और बीयर के नमूनों को जांच के लिए भेजा है। पुलिस का दावा है कि शराब में जहर की पुष्टि नहीं हो सकी है। हालांकि शराब की एक दुकान को भी सील किया गया है, जोकि जांच के दायरे में है।
विज्ञापन
नौशाद की मौत के बाद मौके पर जांच करने पहुंची पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
नजीबाबाद में रेलवे स्टेशन मार्ग पर जलालाबाद निवासी नौशाद की बैग और बच्चों की साइकिल की दुकान है। पास में ही कामरान की भी इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान है। बृहस्पतिवार की देर शाम दुकान बंद करने के बाद कामरान की दुकान की छत पर नौशाद, अफसार, कामरान और जन सेवा केंद्र संचालक चंद्रप्रकाश निवासी जोगरम्मपुरी शराब पार्टी करने लगे।
चारों ने बीयर की चार बोतल और शराब की एक बोतल का सेवन किया। चखने के तौर पर चिकन भी लिया। कुछ ही देर में नौशाद की अचानक तबीयत बिगड़ी, जिस पर कामरान ने अपने पहचान के लोगों को सूचना दी। सूचना मिलते ही कुछ लोग घटनास्थल पर पहुंचे। प्रेमनगर जलालाबाद निवासी नौशाद को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कुछ देर बाद कामरान, अफसार और चंद्र प्रकाश की हालत भी बिगड़ने लगी। तीनों को निजी नर्सिंग होम में उपचार दिलाया गया। एसडीएम शैलेंद्र कुमार सिंह, नायब तहसीलदार अमित कुमार ने अस्पताल पहुंचकर बीमारों के उपचार का जायजा लिया। प्राथमिक उपचार के बाद रम्पुरा निवासी कामरान को एम्स ऋषिकेश, रम्पुरा के ही अफसार को जौलीग्रांट और जोगीरम्पुरी निवासी चंद्रप्रकाश को बिजनौर के प्राइवेट नर्सिंग होम में उपचार के लिए रेफर किया गया।
सूचना मिलते ही एसपी अभिषेक झा, एएसपी सिटी डॉ.केजी सिंह, सीओ नितेश प्रताप सिंह, थाना प्रभारी राहुल सिंह ने घटनास्थल का दौरा किया। पुलिस ने घटनास्थल से अंग्रेजी शराब के साथ-साथ बियर की बोतल और चिकन को जांच के लिए कब्जे में लिया। फारेंसिक टीम ने घटनास्थल पहुंचकर जांच की और नमूने लिए।
नहीं सुलझ रही मौत की गुत्थी
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत की तस्वीर साफ नहीं हो पाई। पोस्टमार्टम के बाद बिसरा सुरक्षित किया गया है। जिसमें यह साफ नहीं हो पाया कि मौत शराब के सेवन से हुई है, या कोई और कारण है। जिसके चलते नौशाद की मौत पहेली बन गई है। हालांकि एक आशंका ये भी जताई जा रही है कि शराब के साथ खराब तेज में फ्राई हुए चिकन के कारण नौशाद की तबियत खराब हुई और उसकी मौत हो गई।
आबकारी विभाग ने सील की शराब की दुकान
मालगोदाम स्थित कंपोजिट शराब की दुकान से चारों दोस्तों ने शराब खरीदी थी। घटनास्थल पहुंची आबकारी विभाग की टीम ने जांच रिपोर्ट आने तक के लिए शराब की दुकान को सील कर दिया।
जांच में सही मिली शराब और बीयर: सीओ
पुलिस ने घटनास्थल से बरामद शराब और बीयर की मेरठ की प्रयोगशाला में जांच कराई। सीओ नितेश प्रताप सिंह ने बताया कि जांच में शराब और बीयर सामान्य पाई गई हैं। जिसमें विषाक्त पदार्थ नहीं पाया गया। घटनास्थल से नमूने पर लिए गए फारेंसिक जांच कराई जा रही है। उधर, मृतक नौशाद के पोस्टमार्टम के बाद जांच के लिए बिसरा प्रयोगशाला भेजा गया है।