उत्तर प्रदेश के बिजनौर में नहटौर थानाक्षेत्र में विद्युत लाइन का तार ठीक करने के दौरान अचानक लाइन में करंट दौड़ने से संविदा लाईनमैन की मौत हो गई। उसकी मौत होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। दर्जनों की संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर शव मौके से नहीं उठाया है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
गांव फुलसंदा निवासी जय सिंह 50 वर्ष अपने गांव में ही स्थित विद्युत उपकेन्द्र पर संविदा लाईनमैन के पद पर कार्यरत था। बताया जाता है कि शनिवार रात साढ़े आठ बजे बनखेड़ी रोड पर लाईन में खराबी आने पर वह शट-डाउन लेकर तार को ठीक करने के लिए खंभे पर चढ़ गया।
इसी दौरान हाईटेंशन लाइन में करंट आ गया। करंट की चपेट में आने से संविदा लाईनमैन की मौत हो गई। उसकी मौत का पता चलने पर दर्जनों ग्रामीण परिजनों के साथ मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों के मौके पर पहुंचकर मुआवजा देने के आश्वासन पर शव उठाने की मांग रखी। पुलिस मौके पर पहुंच गई। ग्रामीण विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े हुए थे।