बनखला की मस्जिद के बाहर पुलिस और एकत्र लोग।
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के ग्राम बनखला में मस्जिद से जुड़े प्रकरण को लेकर मंगलवार को पुलिस-प्रशासन ने हिंदू रक्षा दल के प्रतिनिधिमंडल से वार्ता की। पुलिस अधीक्षक ने मामले की तीन दिन में जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद हिंदू रक्षा दल ने मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ करने का कार्यक्रम रद्द कर दिया। एहतियात के तौर पर गांव में भारी पुलिस बल तैनात रहा।
मस्जिद के बाहर तैनात पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
सोमवार को हिंदू रक्षा दल ने ग्राम बनखला स्थित मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ करने का ऐलान किया था। मंगलवार को पुलिस-प्रशासन ने मामले पर नजर रखते हुए ग्राम बनखला और लक्खूवाला में पुलिस बल तैनात कर दिया। मस्जिद के पास नायब तहसीलदार अंकित कुमार समेत पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
करीब 11 बजे हिंदू रक्षा दल के जिलाध्यक्ष कौशिक त्यागी ग्राम लक्खूवाला पहुंचे। वहां मौजूद पुलिस अधिकारियों ने उनसे वार्ता की। इसके बाद हिंदू रक्षा दल का प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक से वार्ता के लिए बिजनौर पहुंचा। उत्तराखंड हिंदू रक्षा दल के नेता ललित शर्मा भी प्रतिनिधिमंडल के साथ रहे।
पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई, सीओ नगीना राजेश सोलंकी और थाना प्रभारी कोतवाली देहात सुनील सहरावत की मौजूदगी में प्रतिनिधिमंडल से वार्ता हुई। हिंदू रक्षा दल के नेता ललित शर्मा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक ने तीन दिन में मामले की जांच पूरी कर कुएं को कब्जा मुक्त कराने का आश्वासन दिया है। साथ ही मस्जिद से संबंधित मामले की भी जांच कराने की बात कही गई है।
आश्वासन मिलने के बाद हिंदू रक्षा दल ने मस्जिद में हनुमान चालीसा पाठ का कार्यक्रम रद्द कर दिया। एहतियात के तौर पर गांव में भारी पुलिस बल तैनात रहा। इस दौरान सुनील त्यागी, ऋषि त्यागी, सुनील भगत आदि मौजूद रहे। बता दें कि सात सितंबर को भी शिकायत मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी। थानाध्यक्ष सुनील सहरावत ने बताया था कि प्रथम दृष्यता मस्जिद परिसर में कोई कुआं नजर नहीं आया। मामले की रिपोर्ट एसडीएम को सौंपकर राजस्व विभाग से भी जांच कराई जाएगी।
ये भी देखें...
मेरठ: खरखौदा में युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दी, परिजन गए थे बाहर, घर लौटे तो तड़पता हुआ मिला