रविवार सुबह साढ़े आठ बजे गांव निवासी राज (16) पुत्र पप्पू सिंह अपने साथी विनीत पाल एवं प्रदीप पाल आदि के साथ खेतों के रास्ते से कल्लूवाला निवासी किसी व्यक्ति के गन्ने की खुदाई करने जा रहा था। जब ये लोग गांव से निकलकर तालाब के पास पहुंचे, तभी खेत से निकलकर एक गुलदार ने राज सिंह पर हमला कर दिया। राज के सिर और जांघ जख्मी हो गए।
कुछ देर बाद ही दूसरी घटना में गांव फतेहपुर धारा निवासी आनन्दपाल उर्फ निहाल सिंह (22) पुत्र कुलदीप सिंह बाइक से खाद लेने के लिए नारायणवाला के खेतों से होकर माधोवाला आ रहा था। रास्ते में परिचितों के मिलने पर निहाल सिंह रुककर उनसे बात करने लगा। तभी खेत से निकले गुलदार ने निहाल पर हमला कर दिया। गुलदार के हमले में उसके हाथ और पैर जख्मी हो गए। जब उसने शोर मचाया तो गुलदार खेतों की ओर भाग गया। सूचना पर तत्काल दोनों को पीएचसी कासमपुरगढ़ी पर भर्ती कराया, जहां उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।
उधर घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस व अमानगढ़ रेंजर अंकिता किशोर अन्य वनकर्मियों के साथ मौके पर पहुंची। देर से आने और गुलदार के हमलों को लेकर ग्रामीणों ने उनका विरोध कर दिया। उधर रेंजर अंकिता किशोर ने बताया कि वनकर्मी मौके पर हैं। पिंजरा लगाया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से सतर्कता बरतने के लिए कहा है।