बिजनौर में एक युवक ने अपनी प्रेमिका से निकाह कराने की जिद में हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़कर सबको चौंका दिया। करीब दो घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने आखिरकार युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया। पुलिस ने युवक का शांति भंग के आरोप में चालान कर दिया।
यह घटना थाना क्षेत्र के गांव शाफियाबाद में मंगलवार देर रात 11 बजे हुई, जब गांव निवासी समीर का अपनी प्रेमिका से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। गुस्से में समीर रेलवे लाइन के किनारे लगे हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक टावर पर चढ़ने के बाद चिल्ला-चिल्लाकर अपनी प्रेमिका से निकाह कराने की मांग करने लगा।
युवक को जान जोखिम में डालते देख मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। कुछ लोग उसे नीचे उतरने की सलाह दे रहे थे, तो वहीं कई लोग मोबाइल से इस घटना का वीडियो बनाने में व्यस्त थे। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भीड़ को हटाकर युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया।
कई बार युवक नीचे उतरने को तैयार हुआ, लेकिन हर बार वह फिर से निकाह की अपनी जिद पर अड़ जाता और टावर पर ही बैठा रहता। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत, समझाइश और सूझबूझ के बाद पुलिसकर्मी युवक को सकुशल नीचे उतारने में सफल रहे। इसके बाद पुलिस ने समीर को हिरासत में ले लिया और थाने ले गई। थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि युवक के खिलाफ शांति भंग की धारा के तहत कार्रवाई की गई है।
ये भी देखें...
Saharanpur: 'वो मेरी है, देवबंद से तेरी लाश ही वापस जाएगी', प्रेमी ने दी धमकी, दूल्हे ने दे दिया तीन तलाक