डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंची कार
धामपुर के मोहल्ला स्टेट बैंक कॉलोनी निवासी गौतम (23) पुत्र स्वर्गीय कमल सैनी, सुमित (24) पुत्र महेंद्र सिंह अपने दोस्त शुभम सैनी पुत्र शीशराम और वासु पुत्र चंद्र सिंह के साथ आई-10 कार से नगीना की ओर से धामपुर लौट रहे थे।
देर रात करीब 12 बजे दुर्गा विहार कॉलोनी के सामने हाईवे पर उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई। कार डिवाइडर पार करते हुए सड़क की दूसरी तरफ पहुंच गई। इसी दौरान धामपुर से नगीना की ओर जा रही अर्टिगा से उसकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
चार बहनों का इकलौता भाई था सुमित
हादसे में जान गंवाने वाले सुमित के परिवार में मातम छा गया। बताया गया कि सुमित चार बहनों का इकलौता भाई था। वहीं गौतम के परिवार में दो भाई और एक बहन हैं। हादसे की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। मोहल्ले में भी शोक का माहौल है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे शव
पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बिजनौर भेज दिए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी जुटाई। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
पलभर में मातम में बदलीं दो परिवारों की खुशियां
देर रात हुए इस हादसे ने दो परिवारों की खुशियां पलभर में मातम में बदल दीं। हादसे के बाद एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हुए हैं।