बिजनौर में सिगरेट से लदा ट्रक कब्जे में लेने और चालक को बंधक बनाकर 20 लाख की मांग करने के मामले में एक और सिपाही को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुरादाबाद में चालक के पद पर तैनात इस सिपाही को गिरफ्तार करते हुए कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। अब तक इस मामले में तीन पुलिसकर्मियों समेत पांच लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
मंगलवार को शहर कोतवाली पुलिस ने मुरादाबाद की पुलिस लाइन से सिपाही महताब सिंह मावी पुत्र भोले सिंह निवासी अकबरपुर इच्छाबाद थाना हस्तिनापुर जिला मेरठ को गिरफ्तार कर लिया।
बता दें कि अमरोहा के गांव भीकनपुर मूढ़ा के रहने वाले मोहम्मद सालिम का ट्रक असम से सिगरेट भरकर मुजफ्फरनगर के लिए निकला था। इस ट्रक को 27 जनवरी की सुबह बैराज चौकी के पास दो पुलिसकर्मियों समेत चार लोगों ने खुद को एनसीबी टीम बताते हुए ट्रक को कब्जे में लेकर मंडी में खड़ा दिया और चालक तारिक को बंधक बना लिया था। चालक के फोन के जरिए ट्रक स्वामी से 20 लाख रुपये की मांग की गई थी।
यह भी पढ़ें: UP: बद्दो की पत्नी ऑस्ट्रेलिया में, बेटे सिकंदर पर कसा शिकंजा, आखिर कब दबोचा जाएगा ढाई लाख का इनामी