हिंदू इंटर कॉलेज में 67वीं मंडलीय खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
चांदपुर (बिजनौर)। हिंदू इंटर कॉलेज में 67वीं मंडलीय खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। सीनियर बालक वर्ग में बिजनौर की टीम ने मुरादाबाद की टीम को पराजित किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि संयुक्त शिक्षा निदेशक मनोज कुमार द्विवेदी ने फीता काटकर किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद भी छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए जरुरी है। वैदिक कन्या इंटर कॉलेज, शकुंतला कन्या इंटर कॉलेज व हिंदू इंटर कॉलेज चांदपुर के छात्र छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार शर्मा ने पारदर्शिता और अनुशासित होकर खेलने के लिए प्रेरित किया।
प्रथम मैच (बालक वर्ग) मुरादाबाद एवं अमरोहा के बीच खेला गया। इसमें मुरादाबाद की टीम विजेता रही। दूसरा मैच संभल एवं रामपुर की टीमों के बीच खेला गया। इसमें संभल की टीम ने जीत हासिल की। सीनियर बालक वर्ग में बिजनौर की टीम ने मुरादाबाद की टीम को हराया। सीनियर बालिका वर्ग में प्रथम मैच में अमरोहा ने मुरादाबाद को हराया।
सब जूनियर बालिका वर्ग में प्रथम मैच रामपुर व संभल के बीच हुआ। इसमें रामपुर की टीम विजयी रही। दूसरे मैच में अमरोहा ने मुरादाबाद को हराया। निर्णायक मंडल में संजीव कुमार दास, दिनेश कुमार, चंद्र प्रकाश, मोहित कुमार, विवेक पांडे, सुंदर पाल, सुधीर कुमार, सविता रानी शामिल रही। संचालन महेंद्र सिंह त्यागी, राजेंद्र सोलंकी व अवनीश भटनागर ने संयुक्त रूप से किया।विशिष्ट अतिथि विद्यालय के प्रबंधक प्रभाष चंद्र मित्तल, डॉ. निशांत यादव, मंडलीय क्रीड़ा सचिव जीवन सिंह, अनिल कुमार गुप्ता मौजूद रहे।