नगर में सार्वजनिक रास्तें की दीवारों पर पालिका द्वारा लिखवाया गया स्वच्छता स्लोगन व संदेश।
- फोटो : BIJNOR
स्वच्छ सर्वेक्षण के लिए लगाए जाएंगे सीसीटीवी कैमरे
नगीना। स्वच्छ सर्वेक्षण 2020 में नगीना नगर पालिका को सर्वोच्च स्थान दिलाने के लिए पालिका कर्मचारियों ने पूरी तरह कमर कस ली है। नगर की सफाई व्यवस्था एवं सड़क पर कूड़ा डालने वाले लोगों की निगरानी के लिए पालिका प्रशासन ने अब नगर के प्रमुख चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्णय लिया है।
नगर पालिका परिषद नगीना के अधिशासी अधिकारी इंद्रपाल सिंह ने बताया की चार जनवरी से स्वच्छ सर्वेक्षण 2020 प्रारंभ हो चुका है। स्वच्छ सर्वेक्षण में नगीना नगर पालिका को प्रथम स्थान दिलाने के लिए पालिका के सफाई कर्मचारी दिन रात कड़ी मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों के काम एवं कुछ लोगों द्वारा सड़क पर कूड़ा डाल कर गंदगी फैलाने वालों पर नजर रखने के लिए पालिका ने इसी माह नगर के प्रमुख स्थानों, चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा की स्वच्छता के प्रति आम लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से नगर के सभी सार्वजनिक रास्तों पर पड़ने वाली दीवारों पर स्लोगन एवं स्वच्छता जागरूकता संदेश लिखवाया गया है। उन्होंने बताया कि सोमवार से नगर में गंदगी फैलाने वाले लोगों से जुर्माना वसूलने की कार्रवाई भी प्रारंभ कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि बुधवार को सफाई निरीक्षक धीरज राय वर्मा के साथ उन्होंने नगर के प्रमुख स्थानों एवं मोहल्लों में घूम कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया तथा सड़क पर गंदगी फैलाने वालों को सुधरने की चेतावनी दी।
ईओ ने बताया की छात्र-छात्राओं को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार से नगर के सभी प्रमुख स्कूल कॉलेजों में स्वच्छता पर निबंध प्रतियोगिताओं व गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि घर की महिलाओं को भी सड़क पर कूड़ा न फेंकने के लिए जागरूक किया जाएगा। पालिका द्वारा महिला जागरूकता टीमों का गठन भी किया गया है। जो हर मोहल्ले में घर घर जाकर गृहणियों को कूड़ा निस्तारण के वैज्ञानिक प्रावधानों से अवगत कराने के साथ ही गंदगी से स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की भी जानकारी देंगी। उन्होंने नगर के लोगों से स्वच्छता अभियान में पालिका का सहयोग करने का आह्वान किया।