Leopard Attack: गांव भिक्कावाला में 35 साल की पूनम अपने बेटे संग खेत में गई थी। बेटा चारे की गड्डी बनाकर ले गया, जबकि पूनम पीछे रह गई। तभी एक गुलदार (तेंदुए) ने उस पर हमला कर दिया। कोई पूनम की चीख भी नहीं सुन सका।
कालागढ़ के ग्राम भिक्कावाला में बृहस्पतिवार को खेतों में चारा लेने गई महिला को गुलदार ने मार डाला। घटना से क्षेत्र में दहशत बनी हुई है। ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से आक्रोश जताते हुए पिंजरा लगवाने की मांग की है।
विज्ञापन
बृहस्पतिवार को पुराना कालागढ़ की हेड़िया बस्ती निवासी कमल सिंह की पत्नी पूनम (35) भिक्कावाला में खेत से पशुओं के लिए चारा लेने गई थी। कमल सिंह के अनुसार वह दूसरे खेत में काम करने चला गया। पूनम के साथ गया उसका पुत्र चारे की की गड्डी बनाकर ले आया। पूनम खेत पर अकेली रह गई।
दोपहर को फोन पर सूचना आई कि जंगल में पूनम का क्षत विक्षत शव पड़ा हुआ है। सूचना पर परिजनों के साथ ग्रामीण दौड़े। मौके पर महिला के कंधे और बगल के नीचे के हिस्से को गुलदार ने खाया हुआ था। पूनम की एक बेटी व दो बेटे हैं। सूचना पर अफजलगढ़ पुलिस, अमानगढ़ टाइगर रिजर्व की वन क्षेत्राधिकारी अंकिता किशोर व नगीना रेंज के वन क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार शर्मा आदि पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ड्रोन से की गुलदार की तलाश
वन विभाग की टीम ने घटनास्थल पर ड्रोन से गुलदार की तलाश शुरू की है। घटना को लेकर लोगों में रोष है। क्षेत्र में गुलदार के आतंक के कारण वनाधिकारियों को लोगों ने खरी-खोटी सुनाई। लोगों ने उचित मुआवजे की भी मांग की। जिस पर राजस्व विभाग की ओर से चार लाख व वन विभाग की ओर से एक लाख रुपये अनुग्रह राशि देने का भरोसा पीड़ित परिवार को दिया गया।
पिंजरा लगवाने और गश्त कराने की मांग की
घटनास्थल पर तत्काल पिंजरा लगाने, वनकर्मी गश्त, अस्थायी शिविर लगाने, दैनिक श्रमिक के रूप में पति को कार्य पर रखने, एक अस्थायी व दो स्थायी वन चौकी का निर्माण करने व फसल के नुकसान का मुआवजा देने की मांग लोगों ने उठाई। इस दौरान शिव सेना जिला अध्यक्ष संजय राणा, प्रधान चौधरी गीतेंद्र सिंह, किसान यूनियन टिकैत के ब्लाक अध्यक्ष मदन सिंह राणा, सुनील काला ,प्रीतम सिंह रौतेला आदि मौजूद रहे।
अफजलगढ़ में गुलदार ने बस्ती के बीच अलियारपुर कॉलोनी में एक बछड़े को मार डाला। ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से गुलदार को पकड़वाने की मांग की है। ग्रामीण ब्रह्मपाल सिंह, संजय, प्रेम सिंह, हर्ष आदि का कहना है कि गुलदार जंगल में तो लगातार दिखाई दे रहा था लेकिन अब बस्ती के बीच भी आने लगा है। वन दरोगा सुनील राजोरा ने ग्रामीणों से सतर्कता बरतने तथा शीघ्र समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया है।