बेसिक स्कूलों की वार्षिक परीक्षा 25 से शुरू
बिजनौर। कभी ना कभी हां के बाद अब बेसिक शिक्षा विभाग ने कक्षा एक से आठ तक के स्कूलों की वार्षिक परीक्षा कराने का फरमान जारी कर दिया है। प्राइमरी व उच्च प्राइमरी स्कूलों की वार्षिक परीक्षा दो दिन में कराई जाएगी। होली के अवकाश में शिक्षकों को उत्तरपुस्तिकाओं को मूल्यांकन कर परीक्षा फल तैयार करना होगा। परीक्षाफल की घोषणा 31 मार्च को करनी होगी। बेसिक शिक्षा विभाग के अफसरों ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है।
कोविड 19 के बाद एक मार्च से परिषदीय प्राइमरी व उच्च प्राइमरी स्कूलों में बच्चे आने शुरू हो गए थे। इसी महीने के पहले सप्ताह में वार्षिक परीक्षा नहीं कराने की बात कही जा रही थी, पर अब शासन ने आननफानन में परीक्षा कराने का फरमान जारी कर दिया है। स्कूली शिक्षा महानिदेशक विजय किरण आनंद ने बेसिक शिक्षा विभाग के अफसरों को दो दिन में वार्षिक परीक्षा कराने के निर्देश दिए हैं। जिसके तहत अधिकारियों को जनपद स्तर पर परीक्षा की समय सारणी जारी करने, 24 मार्च को प्रश्नपत्रों को मुद्रण कराने, 25 व 26 को वार्षिक परीक्षा कराने, 27 से 30 मार्च के बीच उत्तर पुस्तिकाओं को मूल्यांकन करने व परीक्षाफल तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इसी बीच में होली भी है। इसके बाद शिक्षकों को 31 मार्च को परीक्षाफल जारी करने को कहा गया है। दूसरी ओर, बीएसए महेश चंद्र ने बताया कि बेसिक स्कूलों की परीक्षा कराने के निर्देश शासन से आए हैं। शासन के निर्देशों के तहत ही वार्षिक परीक्षा कराई जाएगी।
कक्षा आठ की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन होगा ब्लॉक स्तर पर
शासन से आए परीक्षा के निर्देश में कक्षा तीन से कक्षा सात तक की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन स्कूल स्तर पर किया जाएगा, जबकि कक्षा आठ की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन ब्लॉक संसाधन केंद्र पर किया जाएगा। साथ ही प्रश्नपत्रों का मुद्रण छात्र संख्या के आधार पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक शिक्षा तथा मुख्यालय पर तैनात खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा कराया जाएगा।