बेसिक शिक्षा विभाग सफाई के प्रति करेगा जागरूक
भागूवाला(बिजनौर)। मुख्यमंत्री के गंगा यात्रा कार्यक्रम को लेकर प्रशासन के साथ बेसिक शिक्षा विभाग की भी नींद उड़ी है। विद्यालय में विकास कार्यों के साथ-साथ शिक्षकों के लिए विद्यार्थियों की शत प्रतिशत उपस्थिति भी चुनौती बनी है। इन सबके बीच शिक्षकों को रैली निकालकर स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने की भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। परिषदीय स्कूल के विद्यार्थियों ने रैली निकालकर साफ सफाई का संदेश दिया।
भागूवाला क्षेत्र के सबलगढ़ में सीएम योगी आदित्यनाथ का 27 जनवरी को गंगा यात्रा का संभावित कार्यक्रम है। सबलगढ़ से कुछ दूरी पर जैनुद्दीन पीर बाबा स्थल के निकट से गंगा यात्रा कार्यक्रम के शुभारंभ के लिए भूमि पूजन होना है। सीएम के कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक अधिकारी गांव सबलगढ़ को चमकाने में लगे हैं। बेसिक शिक्षा विभाग को गांव को साफ स्वच्छ बनाए रखने के लिए लोगों को जागरूक करने की जिम्मेदारी सौंपी है। परिषदीय विद्यालय के शिक्षकों के लिए विद्यालय के कक्षा-कक्ष, रसोईघर, शौचालय, पेयजल, मिड-डे मील, रंग-पुताई आदि कार्यों पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं सीएम के कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की शत प्रतिशत उपस्थिति रखना शिक्षकों के लिए चुनौती बनी है।
जन जागरूकता रैली निकाली
प्रधानाध्यापक दिलशाल, ग्राम प्रधान घसीटा सिंह, ग्राम पंचायत सचिव नीरज शर्मा की देखरेख में विद्यार्थियों ने जन जागरूकता रैली निकाली। विद्यार्थियों ने नागरिकों को अपना परिवेश साफ स्वच्छ रखने का संदेश दिया। जागरूकता रैली में ग्रामवासियों इमरान, अकबर, ऋषिपाल, अनस, सरताज, यशपाल ने भी सहयोग दिया।