बैंक ने दी गलत पासबुक, खाता धारक ने जमा कराए पैसे
मंडावली। एक बैंक खाता धारक ने उसके द्वारा जमा कराई धनराशि एक महिला द्वारा निकाले जाने की तहरीर मंडावली पुलिस सौंपी है। खाताधारक का आरोप है कि वह निरक्षर है, बैंक ने उसका फोटो लगी जो पासबुक उपलब्ध कराई थी, वह किसी महिला की थी और वह उसी खाते में दो वर्ष से नगदी जमा कर रहा था।
मंडावली स्थित एक बैंक के खाताधारक गांव सिकरौड़ा निवासी राहुल ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि उसने वर्ष 2018 में बैंक में खाता खुलवाया था। दो साल तक वह खाते में धनराशि जमा कराता रहा, अब उसने लेनदेन शुरू किया तो खाते से 1.64 लाख रुपये की धनराशि गायब मिली। राहुल का आरोप है कि वह निरक्षर है, बैंक ने उसकी फोटो लगी जो बैंक पासबुक उसे उपलब्ध कराई थी, वह मंडावली निवासी एक महिला की थी। खाता संख्या के आधार पर वह अनेक बार नगदी जमा कराता रहा।
तहरीर में राहुल का कहना है कि खाते से महिला ने कई बार में 1.64 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर उसके पैसे दिलाने और बैंक द्वारा महिला के खाते की पासबुक पर उसका फोटो चस्पा कर उसे सौंपने के मामले में आरोपी पर कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।