आजाद किसान यूनियन का तहसील में दिया धरना
नजीबाबाद। आजाद किसान यूनियन ने विभिन्न मांगों को लेकर तहसील में धरना दिया। मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
आजाद किसान यूनियन के युवा जिलाध्यक्ष गुरजीत सिंह रंधावा, तहसील अध्यक्ष राहुल पंडित, ब्लॉक अध्यक्ष आशीष त्यागी, मोहम्मद परवेज के नेतृत्व में यूनियन के किसानों ने तहसील परिसर में धरना दिया। किसानों ने प्रदेश सरकार पर किसान विरोधी नीतियां अपनाने, किसानों की समस्याओं के प्रति गंभीर न होने का आरोप लगाया। गुरजीत सिंह रंधावा के नेतृत्व में किसानों ने एसडीएम मनोज कुमार सिंह को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में अतिवृष्टि से बर्बाद हुई फसलों का मुआवजा दिलाने, गन्ने का समय पर भुगतान कराने, बिजली की बढ़ी हुई दरें वापस लेने, नहरों में पानी छोड़ने, नलकूपों के मोटरों की क्षमता घटाकर पांच हॉर्स पावर करने की मांग की। धरना प्रदर्शन में चौ.वीरेंद्र सिंह, आशीष त्यागी, हरेंद्र सिंह, मो.परवेज, सूरज त्यागी, विजय त्यागी, गोविंद सिंह, सचिन कुमार आदि मौजूद रहे। संवाद