बिजनौर में व्यय पर्यवेक्षक अरुण कुमार गुप्ता ने सभी प्रत्याशियों एवं मुख्य चुनाव अभिकर्ताओं को निर्देश दिए हैं कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी स्तर पर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन न होने दें। चुनाव प्रक्रिया में निर्वाचन आयोग से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना सुनिश्चित करें।
व्यय पर्यवेक्षक शनिवार शाम विकास भवन के सभागार में जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों और मुख्य अभिकर्ताओं की बैठक की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया को स्वच्छ, पारदर्शी और निष्पक्ष रूप से संपन्न कराना निर्वाचन आयोग की प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर आयोग के आदेशों की अवहेलना न होने पाए। उन्होंने सभी प्रत्याशियों को निर्देश दिए कि अपनी-अपनी व्यय पंजिकाओं में व्यय का लेखा स्पष्ट रूप से दर्ज करें। खर्चों के साथ उनके वाउचर भी जरूर लगाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि चुनावी सभाओं को पारदर्शी बनाए और बिना पूर्व अनुमति के किसी भी कार्यक्रम का आयोजन न करें। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को डराना, धमकाना, प्रलोभन या लालच देकर अपने समर्थन अथवा विरोधी दल का समर्थन न करने जैसी कार्रवाई कानून अपराध है। बैठक में मुख्य कोषाधिकारी अनवर अहमद के अलावा अन्य अधिकारीगण एवं राजनीतिक दलों के प्रत्याशी और उनके मुख्य अभिकर्ता मौजूद थे।