स्योहारा (बिजनौर)। बिजनौर के कस्बा सहसपुर के रहने वाले गैंगस्टर अतीक अहमद की दिल्ली में स्थित आठ करोड़ की संपत्ति को जालौन पुलिस जब्त कर चुकी है। अतीक ने सहसपुर में भी मीट फैक्टरी खोली थी, साल 2017 में भाजपा सरकार आने पर उसे सील कर दिया गया था।
जालौन के थाना एट में सहसपुर के मोहल्ला शेखान तलाई निवासी अतीक अहमद और उसके भाई गुलजार सहित पांच लोगों के खिलाफ 21 दिसंबर 2023 गोमांस तस्करी में मुकदमा दर्ज हुआ था। उस वक्त पुलिस ने एक कंटेनर से करीब 21 हजार किलो मीट पकड़ा था, जो जांच में गोमांस साबित हुआ। इस मीट पर मछली प्रोडक्ट का लेबल था।
गोमांस पकड़े जाने के बाद जालौन पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की। गिरोह बंद अधिनियम की विवेचना जालौन के कोंच थाना प्रभारी ने की थी।
विवेचना में पुलिस को अतीक अहमद का कोई वैध कारोबार ऐसा नहीं पाया गया, जिससे उसकी इतनी बड़ी संपत्ति अर्जित करने का स्रोत हो। पुलिस ने अतीक अहमद की दिल्ली निजामुद्दीन स्थित आठ करोड़ की संपत्ति को जब्त किया है। अतीक अहमद का मीट का बड़ा कारोबार है।
साल 2005 के करीब अतीक ने एक मीट फैक्टरी सहसपुर में भी लगाई थी। इस फैक्टरी में करीब 1500 कर्मचारी कार्य करते थे। इस मीट प्लांट में प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में पशुओं का कटान होता था।
इस मीट फैक्टरी को उसके भाई चलाते थे, जबकि कमान खुद अतीक के हाथ में ही थी। वर्ष 2017 में भाजपा सरकार में पूर्व विधायक लोकेन्द्र चौहान की पत्नी अवनी की शिकायत पर मीट फैक्टरी में सील लगा दी गई थी।