नगीना। नगीना देहात थाने के गांव जुलाहापुर निवासी अनुज (25) पुत्र विनय की हत्या उसके साथ लिव इन में रह रही शोभा ने उसी के तमंचे से गोली मारकर की थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार महिला ने बताया है कि अनुज उसे प्रताड़ित करता था तथा उसकी पुत्री पर भी गलत निगाह रखता था। तंग आकर उसने अनुज की हत्या कर दी। अनुज शोभा की बहन से छेड़छाड़ के मामले में जेल जा चुका था।
28 अप्रैल को नगीना देहात थाना क्षेत्र के ग्राम जुलाहापुर के जंगल में अनुज का सिर में गोली लगा हुआ शव मिला था। इस मामले में पुलिस ने मृतक की मां की तहरीर पर शोभा व उसके पति के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। नगीना देहात पुलिस ने इस घटना का खुलासा करते हुए शोभा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में शोभा ने बताया कि वर्ष 2011 में उसकी शादी ग्राम भनेड़ा थाना किरतपुर निवासी सत्येंद्र के साथ हुई थी। उसकी नौ वर्ष की एक पुत्री भी है। पति से मतभेद होने के चलते वह 2023 से पति से अलग रह रही थी। उसने पुलिस को बताया कि 2024 में उसकी मुलाकात अनुज से हो गई। दोनों लिव इन रिलेशनशिप में रहने लगे थे।
आरोप लगाया गया कि अनुज उसके साथ मारपीट करता था तथा आपत्तिजनक वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी भी देता था। महिला ने पुलिस को बताया कि अनुज उसकी पुत्री पर भी गलत निगाह रखता था। पुलिस के अनुसार घटना वाले दिन अनुज शोभा को बाइक पर बैठाकर गांव की तरफ ले गया था। वहां मौका पाकर उसने अनुज के ही तमंचे से उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। एएसपी देहात प्रकाश कुमार ने बताया कि शोभा को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। उसके पास से तमंचा भी बरामद किया गया है।