बिजनौर का लाल एक और पर्वत चोटी पर फतह के लिए निकला
नजीबाबाद(बिजनौर)। सेवन समिट अभियान से जुड़े पर्वतारोही विपिन चौधरी ने दक्षिण अमेरिका की सबसे ऊंची चोटी माउंट आकोंकागुआ पर फतह के लिए अभियान शुरू कर दिया है। मई 2019 को विपिन ने एशिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा लहराया था।
बिजनौर के गांव मुकरंदपुर निवासी युवा पर्वतारोही विपिन चौधरी को सेवन समिट अभियान के अंतर्गत दुनिया की सबसे ऊंची पहाड़ियों पर भारतीय तिरंगा लहराने का जुनून सवार है। विपिन चौधरी ने 2017 में मिशन सेवन समिट की शुरुआत की थी। वर्तमान में केजीके कॉलेज मुरादाबाद में एलएलबी अंतिम वर्ष के छात्र विपिन चौधरी बीटीसी कर चुके हैं। बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षक की नौकरी उनके हाथों में है लेकिन जुनून है तो सिर्फ पर्वतारोही बनकर दुनिया में जनपद बिजनौर और भारत का नाम रोशन करने का।
पर्वतारोही विपिन चौधरी 21 दिसंबर से 14 जनवरी 2020 के पर्वतारोहण मिशन के अंतर्गत दक्षिण अमेरिका की सबसे ऊंची चोटी माउंट आकोंकागुआ पर फतह के लिए निकल चुके हैं। विपिन 21 दिसंबर से अर्जेंटीना से 23000 फीट ऊंची दक्षिण अमेरिका सबसे ऊंची चोटी पर भारतीय तिरंगा लहराने के अपने छह पर्वतारोही साथियों के साथ अभियान की शुरुआत करेंगे। पर्वतारोही विपिन ने 22 मई 2019 को विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट के शिखर पर 13 सदस्य टीम के साथ पहुंचकर राष्ट्रीय ध्वज फहराया था।
पर्वतारोही बिजनौर के लाल विपिन चौधरी ने बताया कि सेवन समिट अभियान के अंतर्गत उन्होंने विश्व की जिन सात सबसे ऊंची चोटियों पर फतह का संकल्प लिया है, उनमें अफ्रीका की माउंट किलिमंजारो, यूरोप की माउंट एल्ब्रुस, एशिया की माउंट एवरेस्ट, दक्षिण अमेरिका की माउंट अकोंकागुआ, उत्तर अमेरिका की माउंट देनाली, ऑस्ट्रेलिया की माउंट कोजिअस्को, अंटार्कटिका की माउंट विन्सन मैसिफ की चोटियां शामिल हैं।
मिशन की चौथी पर्वत चोटी पर फहराएगा ध्वज
नजीबाबाद। पर्वतारोही विपिन चौधरी ने सेवन समिट अभियान में चौथी पर्वत चोटी फतह अभियान पर निकला है। उसका लक्ष्य 13 जनवरी 2020 से पूर्व दक्षिणी अमेरीका की माउंट अकोंकागुआ पर्वत चोटी पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का स्वप्न है।