-आठ से दस अन्य आरोपी भी प्रकाश में आए, लगातार जारी है दबिश
-प्लांट पर पहुंची दो सफेद की रंग की गाड़ियों को भी पुलिस ने पहचाना
- पकड़े गए तीसरे आरोपी के पास से बरामद किए गए छह तमंचे-बंदूक
- धामपुर विधायक अशाेक राणा के गांव में भी पुलिस ने दी दबिश
संवाद न्यूज एजेंसी
शिवाला कला/नूरपुर/बिजनौर। सड़क निर्माण करने वाली कंपनी के मिक्सिंग प्लांट में आगजनी और फायरिंग कांड में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पास से छह अवैध तमंचे-बंदूक बरामद की गई हैंं। अब तक इस कांड में तीन आरोपियों को पकड़ा जा चुका है, जबकि आठ से दस अन्य आरोपियों के नाम प्रकाश में आए हैं। जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। इस कांड में धामपुर विधायक अशोक राणा और उनके बेटे प्रियंकर राणा को मुख्य आरोपी बनाया गया है।
बुधवार की रात शिवाला कलां, नूरपुर और स्योहारा थाने की पुलिस ने दस से 12 जगहों पर दबिश दी। एसओजी की टीम भी आरोपियों की तलाश में लगी रही। इसी बीच पुलिस ने प्रकाश में आए तीसरे आरोपी थाना नूरपुर गांव गोपालपुर निवासी संजीव कुमार पुत्र राजेश्वर प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया। दसके पास से 12 बोर के दो अवैध तमंचे, एक तमंचा 315 बोर, एक अवैध पोनिया बंदूक 12 बोर, एक अवैध बंदूक 12 बोर, एक अवैध बंदूक 315 बोर, आठ खोखा कारतूस, दो कारतूस बरामद किए गए। पकड़े गए इस तीसरे आरोपी का चालान कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। संदीप पुत्र सुनील सिंह निवासी गांव कुहीकलां जनपद जौनपुर और नरदेव पुत्र सौदान सिंह को पहले ही जेल भेजा जा चुका है। मामले में धामपुर विधायक और उनके बेटे को नामजद किया गया है।
बता दें कि जीएसआर इन्फाटेक प्राइवेट लिमिटेड को जिले में स्योहारा नूरपुर मार्ग के चौड़ीकरण का ठेका मिला है। उक्त कंपनी का मिक्सिंग प्लांट शिवालाकलां थाना क्षेत्र में बेलवाला चौकी के पास लगा हुआ है। आरोप है कि उक्त प्लांट में 29 अप्रैल की रात दो बजे गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। साथ ही प्लांट में तेल उड़ेलकर ट्रकों और मशीनरी को आग के हवाले किया गया। चौकीदार को गोली लगी थी, इस मामले में कंपनी के प्रबंधक रविंद्र उर्फ रवि पुंडीर ने धामपुर विधायक अशोकर राणा और उनके बेटे प्रियंकर राणा को नामजद करते हुए मामला दर्ज कराया था। आरोप था कि पैसों की डिमांड पूरी नहीं होने पर इस वारदात को अंजाम दिलाया गया, साथ ही बिजनौर छोड़कर भागने की धमकी दी गई थी।
दो और गाड़ियों की हुई पहचान
एक स्कॉर्पियो को पुलिस ने वारदात के बाद ही पकड़ लिया था, उक्त गाड़ी बिना पंजीकरण की मिली, जिसके बारे में जांच की जा रही है कि उसका मालिक कौन है। उधर, सीसीटीवी के आधार पर दो अन्य गाड़ियों को पुलिस ने पहचान लिया है, जोकि सफेद रंग की बताई जा रही है। उक्त गाड़ियों की बरामदगी के लिए भी पुलिस दबिश दे रही है।
विधायक के गांव पहुंची पुलिस, 10 से 12 जगह दबिश
चांदपुर व धामपुर सर्किल के थानों की पुलिस ने क्षेत्र के गांव गोपालपुर, मोरना, मुस्सेपुर व जोगीपुरा में कई स्थानों समेत करीब 10 से 12 जगह दबिश दी। चर्चा है कि घटना के तार क्षेत्र के कई गांवों से जुड़े होने का अंदेशा है। पुलिस अभी कई बिंदुओं पर जांच पड़ताल कर रही है। उधर, धामपुर विधायक अशोक राणा के गांव में भी पुलिस ने एक अन्य आरोपी की तलाश में गई थी।
जिले की एक दुकान से खरीदा गया था लाइसेंसी असलहा
पुलिस ने शुरुआत में पकड़े गए दो आरोपियों के पास से दो लाइसेंसी रिवॉल्वर और दो पंप एक्शन गन बरामद की थी, इनके लाइसेंस किसके नाम पर हैं, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार उक्त चारों असलहा जिले की एक शस्त्र दुकान से खरीदा गया था। पुलिस जल्द ही कोर्ट से आदेश लेकर उक्त दुकान में भी छानबीन कर सकती है।
आगजनी केस में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, अब तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। चार लाइसेंसी और छह अवैध असलहा अब तक बरामद किए गए हैं। करीब दस अन्य आरोपियों के नाम प्रकाश में आए हैं। जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। - नीरज कुमार जादौन, एसपी