धामपुर। अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज पावरलिफ्टिंग की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का गाजियाबाद में महामाया स्टेडियम 24 व 25 अगस्त को हुई। जिसमें धामपुर तहसील में कार्यरत लेखपाल एवं उत्तर प्रदेश लेखपाल कि जनपद बिजनौर की जिला अध्यक्ष अंजलि त्यागी ने इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर जनपद के नाम को अखिल भारतीय स्तर पर रोशन किया।
अंजलि त्यागी का कहना है कि 84 किलो से अधिक बॉडीवेट में उन्होंने तीन स्तर पर 2 क्विंटल 40 किलो पावर लिफ्टिंग कर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रथम स्थान हासिल किया। उनका चयन अब अखिल भारतीय स्तर पर होने वाली इंटरनेशनल पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता के लिए हो गया है। उन्होंने कहा कि यदि महिलाओं में इच्छाशक्ति है, तो किसी भी प्रतियोगिता में अव्वल स्थान पाना कोई मुश्किल काम नहीं है।
उन्होंने बताया कि पिछले दिनों जनपद और मंडल स्तर पर संपन्न हुई पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में भी उन्होंने प्रथम स्थान प्राप्त किया था। अंजलि त्यागी के राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम आने पर धामपुर के एसडीएम नितिन कुमार, उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की धामपुर शाखा के अध्यक्ष प्रवीण नागर, प्रेस क्लब धामपुर पंजीकृत के अध्यक्ष सतीश शर्मा आदि ने अंजलि त्यागी से उम्दा प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त की।