कोतवाली देहात। थाना क्षेत्र के ग्राम ककराला में मंगलवार को कक्षा आठ के छात्र मोहित सैनी (13) की मौत के मामले में पुलिस ने तीन लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है।
ग्राम ककराला निवासी मान सिंह सैनी का पुत्र मोहित सैनी मंगलवार को घर में फंदे पर लटका मिला था। घटना के बाद परिजनों ने हंगामा करते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। मामले में मोहित के चाचा सुदेश सैनी की तहरीर पर पुलिस ने उसके सहपाठी, उसके पिता और मां के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि मंगलवार को सहपाठी ने मोहित के साथ मारपीट की थी। इसकी शिकायत करने मोहित की बहन अंजलि सहपाठी के घर पहुंची तो वहां उसके साथ भी गाली-गलौज की गई। आरोप है कि बाद में सहपाठी अपनी मां के साथ मोहित के घर पहुंचा और वहां भी गाली-गलौज की गई। इसके बाद मोहित मानसिक रूप से परेशान हो गया और उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। विवेचक सुनील सहरावत ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।