आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मिला स्मार्टफोन
नजीबाबाद। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को शासन की ओर से विभागीय कामकाज के लिए निशुल्क स्मार्टफोन उपलब्ध कराए गए हैं। पूर्व सांसद भारतेंद्र सिंह ने ब्लॉक की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्मार्टफोन प्रदान किए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ऑनलाइन व्यवस्थाओं के अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्मार्टफोन उपलब्ध कराए हैं। ड्वाकरा हॉल में तहसीलदार राधेश्याम शर्मा, सीडीपीओ रेखा आंबेडकर के निर्देशन में आयोजित स्मार्टफोन वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व सांसद भारतेंद्र सिंह ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गजाला परवीन, निशा रानी, रितु, कमला शर्मा, आरती, शशि, माफिया सहित नजीबाबाद और किरतपुर ब्लॉक की 25 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मंगलवार को स्मार्टफोन वितरित किए। तहसीलदार राधेश्याम शर्मा ने बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को शासन के निर्देशानुसार पोषाहार योजना को पारदर्शी रखने और वितरण के प्रति गंभीरता लाने को कहा। कार्यक्रम में किरतपुर की सीडीपीओ सुमन प्रजापति सहित विभाग की अनेक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।