सीबीएसई 10वीं और 12वीं के रिजल्ट में धांधली का आरोप लगाया
बिजनौर। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने एएन इंटरनेशनल स्कूल प्रबंधतंत्र पर 10वीं और 12वीं के परीक्षाफल में धांधली व शिक्षा के व्यापारीकरण का आरोप लगाते हुए प्रधानाचार्य डॉ. सरजीत सिंह का घेराव किया। कहा है कि मेधावी विद्यार्थियों को कम अंक और औसत विद्यार्थियों को अधिक अंक मिले हैं। 24 घंटे में मामले में कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
कार्यकर्ताओं ने प्रधानाचार्य से बताया कि स्कूल के प्रमोटेड विद्यार्थी परीक्षाफल को लेकर असंतुष्ट हैं। जो विद्यार्थी लगातार कक्षा एक से टॉपर बनते आ रहे हैं उन्हें 50 प्रतिशत अंक मिले हैं और जो विद्यार्थी परीक्षा में औसत या कमजोर थे उन्हें 80 से 95 प्रतिशत तक अंक मिले हैं। विद्यार्थियों को समझ में नहीं आ रहा है कि किस आधार पर उन्हें प्रमोट किया गया है। विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों में इसे लेकर भारी रोष है और वे परीक्षाफल में धांधली का आरोप लगा रहे हैं।
कार्यकर्ताओं ने बताया कि विद्यार्थियों का कहना है कि स्कूल प्रशासन ने पैसे लेकर व शिक्षकों से ट्यूशन पढ़ने वाले विद्यार्थियों को अधिक अंक दिलाए हैं। स्कूल ने मेधावी विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। छात्रनेता मोहित राजपूत ने कहा कि जिन विद्यार्थियों के कक्षा नौ से 11 तक 50 प्रतिशत अंक थे, उन्हें 90 प्रतिशत अंक मिले हैं और जिनके अंक 70 से 80 प्रतिशत रहते थे उन्हें 50 प्रतिशत अंक मिल गए। उन्होंने मामले में कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान तहसील संयोजक आर्य वर्मा, सह नगर मंत्री प्रथम चौधरी, अविनाश शुभम, अभिमन्यु, रितिक, दीपांशु, शुभम, आदित्य, कुलदीप, हर्षित, दिवाकर आदि मौजूद रहे। वहीं, प्रधानाचार्य का कहना है कि सीबीएसई ने पिछले सालों के अंकों के आधार पर रिजल्ट तैयार किया है। इसमें स्कूल का कोई रोल नहीं है। धांधली के आरोप पूरी तरह गलत हैं।