कूड़ा प्रोसेसिंग प्लांट के निर्माण में धांधली का आरोप
बिजनौर। अफजलगढ़ नगर पालिका के दो सभासदों ने पालिका के कूड़ा प्रोसेसिंग प्लांट निर्माण में धांधली का आरोप लगाते हुए डीएम से शिकायत कर जांच की मांग की है।
सभासद मो. दिलशाद व मो. इमरोज ने डीएम को भेजे शिकायतीपत्र में बताया कि नगर पालिका द्वारा कूड़ा प्रोसेसिंग प्लांट का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। आरोप लगाया कि प्लांट के भवन की बुनियाद में बेस कंक्रीट नहीं डाली गई है, इससे भवन और टीनशेड के गिरने की संभावना रहेगी। इसके अलावा निर्माण में घटिया ईंटों व अन्य सामग्री भी घटिया स्तर की प्रयोग करने का आरोप लगाया। इसके समीप की भूमि पर अधिशासी अधिकारी कौशल कुमार एवं अध्यक्ष शहाना परवीन द्वारा भारी रकम लेकर अन्य व्यक्ति को अवैध कब्जा करा दिया गया है। इसके आसपास की भूमि ग्राम समाज की भूमि पर खड़े पेड़ों को भी पैसे लेकर कटवा दिया गया है। अन्य स्थानों पर भी सड़क की भूमि पर अवैध रूप से पैसे लेकर कब्जा करा दिया गया है तथा कोई कार्रवाई नहीं की है। किसी की ओर से कार्रवाई करने पर शिकायतकर्ता को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी जा दी जाती है। कूड़ा प्लांट के आसपास की भूमि की राजस्व टीम से पैमाइश कराकर आवश्यक कार्रवाई कराने की मांग की है। ईओ कौशल कुमार के अनुसार सभी आरोप गलत हैं। नियम के अनुसार कार्य कराया जा रहा है। व्यक्तिगत हित साधने के लिए उन पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं।