नगरपालिका परिषद क्षेत्र में लगाया फड़ तो होगी कार्रवाई
नजीबाबाद। नगरपालिका परिषद ने कारोबारियों को अवैध तरीके से क्षेत्र में फड़ लगाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। राजस्व निरीक्षक के नेतृत्व में पहुंची टीम ने कहा कि भविष्य में इस क्षेत्र में फड़ लगाने वाले कारोबारियों का सामान जब्त कर जुर्माना लगाया जाएगा।
जलालाबाद रेलवे क्रासिंग के पास हर बृहस्पतिवार को साप्ताहिक बाजार लगता है। पुलिस प्रशासन ने चार सप्ताह पहले बाजार लगाने से रोक दिया था। फिर रेलवे स्टेशन से कृष्णा टाकिज चौराहा और मालगोदाम तिराहे तक तीन सप्ताह से साप्ताहिक बाजार के रेडिमेड कारोबारी फड़ लगा रहे हैं। बृहस्पतिवार को साप्ताहिक बंदी होने के बावजूद स्टेशन रोड पर फड़ लगने से दिन में कई बार जाम की स्थिति बन गई। नगरपालिका के राजस्व निरीक्षक विपिन चौहान, खाद्य निरीक्षक अनिल कुमार, जेई उमेश कुमार, पंकज शर्मा, पवन कुशवाह की टीम ने बृहस्पतिवार को दोपहर बाद रेलवे स्टेशन रोड का निरीक्षण किया। नगरपालिका अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में फड़ लगाया जाता है तो सामान जब्त कर संबंधित कारोबारी से जुर्माना वसूल किया जाएगा।