सड़क निर्माण में घटिया सामग्री लगाने का आरोप
अफजलगढ़। गांव चकफेरी में गांव के दोनों ओर प्रधानमंत्री सड़क योजना के अंतर्गत इंटरलॉकिंग का कार्य कराया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार की ओर से सड़क निर्माण में मानक के अनुरूप न कर घटिया सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है। ग्रामीणों ने विभाग के विरुद्ध विरोध प्रदर्शन करते हुए मानक के अनुरूप सामग्री का प्रयोग कर सड़क बनवाए जाने की मांग की है।
ग्रामीण राहुल सागर, किरनपाल सिंह, वेद प्रकाश, हिमालय पांडेय, गोपाल सिंह, अजीत सरकार, ब्रह्मपाल सिंह, मेहर सिंह, बोबी, मोहित, ऋषिपाल, सूरजमल, रवि शर्मा, रोहित तथा कृष्णपाल सिंह आदि का कहना है कि गांव चकफेरी में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत सड़क सड़क निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि करीब गांव के दो ओर करीब 800 मीटर इंटरलॉकिंग सड़क बनाई जा रही है। आरोप है कि संबंधित ठेकेदार द्वारा मानक के अनुरूप सामग्री का प्रयोग न कर घटिया सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने ठेकेदार द्वारा लाई गईं ईंटों का विरोध किया तो उसके कर्मचारियों ने उनसे अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि उन्होंने ईंटों को देर सवेरे उतरवाकर निर्माण कार्य में प्रयोग किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में अधिकारियों को भी अवगत कराया, किंतु ठेकेदार व अधिकारियों द्वारा कोई सुनवाई न किए जाने से ग्रामीणों में रोष है। उन्होंने इससे क्षुब्ध होकर संबंधित विभाग व ठेकेदार के विरुद्ध विरोध प्रदर्शन किया। इस संबंध में लोनिवी के अवर अभियंता अशोक कुमार का कहना है कि ठेकेदार को उत्तम सामग्री का प्रयोग करने की हिदायत देते हुए पत्र लिखा गया है तथा मौके पर मौजूद निम्न श्रेणी की सामग्री प्रयोग न करने के कड़े निर्देश दिए हैं।