कोतवाली देहात। रविवार देर शाम महेश्वरी जट में निर्माणाधीन ओवर ब्रिज पर खड़ी रोलर मशीन से टकराकर गंभीर रूप से घायल हुए शहर कोतवाली के ग्राम जोधूवाला निवासी नकुल कुमार की उपचार के दौरान मेरठ में मौत हो गई। नकुल कुमार नगीना की ओर से बिजनौर की ओर जा रहा था। वह ओम इंटरनेशनल स्कूल से आगे ग्राम महेश्वरी जट में बन रहे ओवर ब्रिज के पास पहुंचा तो ओवर ब्रिज पर बैरियर लगे हुए नहीं थे। इसके चलते नकुल ओवर ब्रिज पर खड़ी रोलर मशीन से टकरा गया था। उसकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। नकुल के परिजन थाने में पहुंचे। उन्होंने हाईवे निर्माण कर रही संस्था पर लापरवाही का आरोप लगाया। निर्माण कार्य कर रही संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर हरप्रीत सिंह ने बताया कि युवक तेज गति से आया। अभी ओवर ब्रिज शुरू नहीं किया गया है। रोलर मशीन भी काफी आगे कॉरिडोर में खड़ी थी। थाना कोतवाली देहात पुलिस ने बताया कि मामले में अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
दुर्घटना के बाद पुलिस ने लगाए बैरियर
दुर्घटना होने के बाद कोतवाली देहात पुलिस ने ओवरब्रिज पर बैरियर लगा दिए। पुलिस ने सर्विस रोड पर जाने के लिए संकेतक भी बनवाए हैं ताकि भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके।