नगीना क्षेत्र के महावतपुर पुरैनी में चार युवकों के शव पहुंचने पर जमा भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर के नगीना स्थित गांव महावतपुर पुरैनी में एक साथ चारों दोस्तों का गांव के श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। चारों दोस्तों की एक साथ अर्थियां उठते ही गांव में कोहराम मच गया। सभी की आंखें नम हो गईं।
अंतिम यात्रा में भाजपा सांसद सर्वेश कुमार, बस्ती जिले के विकास अधिकारी दिनेश चंद्रा, रोडवेज, दूरसंचार व रेलवे विभाग के वरिष्ठ कर्मचारियों समेत आसपास के गांव के सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए। चार दोस्तों की मौत से गांव के सन्नाटा पसरा हुआ है।
सोमवार शाम कोटद्वार-नजीबाबाद के बीच सुखरो पुल के पास अनियंत्रित कार सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई थी। हादसे में गांव महावतपुर पुरैनी निवासी कपिल कुमार, तरुण कुमार, प्रशांत कुमार और रामगोपाल की मौके पर ही मौत हो गई थी। मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे पोस्टमार्टम के बाद चारों के शव पैतृक गांव में पहुंचने पर कोहराम मच गया। गांव के बाहर स्थित श्मशान घाट पर चारों का अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में ठाकुर महिपाल सिंह, डॉ. सुशील कुमार, पूर्व प्रधान महेश कुमार, प्रधान के पति अनूप कुमार, मास्टर राजेंद्र, पंडित सुभाष शर्मा, महेशचंद राजपूत, डा. उवैदुल्ला, प्रमोद विश्रोई, डा.भूपेंद्र, धर्मपाल सिंह, कन्हैया सिंह, अमित आदि मौजूद रहे।