बिजनौर के नहटौर में सात साल की बच्ची की हत्या कर शव को नाले में फेंक दिया गया। दरअसल, सोमवार की शाम सात बजे घर के बाहर खेल रही बच्ची अचानक लापता हो गई थी, तलाश करने पर पुलिस की डॉग स्वाक्वायड टीम ने उसका शव बरामद किया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्याकांड के खुलासे के लिए एसपी ने पुलिस की चार टीमों का गठन किया है।
नगर मोहल्ला छापेग्रान निवासी तहसीन अहमद की सात वर्षीय पुत्री अलशिफा सोमवार की शाम लगभग सात बजे घर के पास खेलते समय गायब हो गई थी। काफी समय के बाद घर नहीं लौटने पर उसकी तलाश की गई, लेकिन कहीं पता नहीं चल सका। जिसके बाद परिवार वालों ने मंगलवार दोपहर थाने पहुंचकर कार्रवाई की गुहार लगाई। इसके बाद पुलिस खोजबीन में लग गई।
गला घोंटकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। गले पर निशान भी बना हुआ मिला। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने हत्या कर शव को वहां फेंकने की आशंका जताई है।
उधर, सूचना लगने पर पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन भी मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। एसपी ने पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और जल्द खुलासे के लिए चार टीमों का गठन किया है। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण राम अर्ज, क्षेत्राधिकारी सर्वम कुमार, एसएसआई कुलजीत सिंह, एसआई राजीव शर्मा, महिला एसआई रीनू पवार आदि मौके पर रहे। बताया गया कि मृतका का पिता तहसीन अहमद मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता है। तीन बेटियों में मृतका सबसे छोटी थी।
यह भी पढ़ें: लहराया परचम: मेरठ की एथलीट गोल्डन गर्ल पारुल चौधरी को मिला अर्जुन अवाॅर्ड, परिजनों में खुशी का माहौल