किरतपुर। फेसबुक पर हुई दोस्ती के बाद प्रेम प्रसंग का मामला शुक्रवार देर रात चर्चा का विषय बन गया। नजीबाबाद निवासी एक महिला तीन बच्चों की मां रात करीब 12 बजे मोहल्ला हलवाईयान में युवक के घर पहुंच गई। महिला के पहुंचने पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई और मामला थाने तक पहुंच गया। देर रात दोनों पक्ष पुलिस के समक्ष मौजूद रहे।
बताया गया कि महिला नजीबाबाद क्षेत्र की रहने वाली है। उसकी शादी किरतपुर में हुई है जबकि युवक भी किरतपुर का निवासी है। महिला के पहले से तीन बच्चे हैं। महिला का कहना है कि उसके युवक से करीब छह साल से जान-पहचान और बातचीत थी, जो फेसबुक के माध्यम से शुरू हुई थी। आरोप है कि युवक ने उसे शादी का भरोसा देकर घर बुलाया था। महिला ने बताया कि इस मामले की जानकारी मिलने के बाद उसके पति ने उसे छोड़ दिया है। आरोप है कि युवक ने शादी का आश्वासन दिया था, लेकिन अब वह पीछे हट रहा है।
वहीं युवक पक्ष का कहना है कि मामले को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है। प्रेम प्रसंग के इस मामले को लेकर मोहल्ले में देर रात तक लोगों की भीड़ जुटी रही। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी है। थाना प्रभारी का कहना है मामले की तहरीर मिल गई हैं। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।