मंडावली/नजीबाबाद । हरिद्वार-काशीपुर हाईवे पर गांव मीरमपुर बेगा के सामने तेज रफ्तार कार की चपेट में आकर शनिवार की तड़के 42 मजदूर सत्ते सिंह की मौत हो गई। हादसे के दौरान कार भी अनियंत्रित होकर पलट गई। कार में सवार दंपती, दो बच्चे व एक महिला भी घायल हो गई।
मंडावली थाना क्षेत्र के गांव मीरमपुर बेगा निवासी 42 वर्षीय मजदूर सत्ते सिंह शनिवार की तड़के पांच बजे घर के सामने से गुजर रहा हाईवे पार कर रहा था। हरिद्वार-काशीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर नजीबाबाद दिशा से आ रही तेज रफ्तार कार की चपेट में आकर सत्ते सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के दौरान कार भी अनियंत्रित होकर पलट गई।
सूचना पर थानाध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस टीम के साथ पहुंचे। पुलिस ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने मजदूर सत्ते सिंह को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया।
- परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
सत्ते सिंह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। शनिवार की तड़के भी वह मजदूरी के लिए घर से निकला था। पत्नी सहित छह बच्चों के भरण-पोषण की जिम्मेदारी उसके कंधों पर थी। सत्ते सिंह की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा
- हरिद्वार गंगा स्नान के लिए जा रहा था परिवार
जनपद शाहजहांपुर के गांव पुवाया निवासी 34 वर्षीय अंशुल कुमार, 32 वर्षीय पत्नी वंदना, 21 वर्षीय साली पारुल भारती व 12 वर्षीय बेटा देवांश, नौ बेटी मुस्की के साथ कार से हरिद्वार गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। ग्रीष्मकाल की छुट्टी में निकला परिवार हादसे का शिकार हो गया। कार चालक अंशुल खुद ड्राइव कर रहा था।
उधर थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया सभी घायलों को भर्ती कराया गया है। मृतक की पत्नी सरोज देवी ने कार चालक के खिलाफ तहरीर दी। प्राथमिक दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।