बिजनौर जनपद में अफजलगढ़ के गांव माननगर शाहपुरजमाल मार्ग पर गुलदार ने बृहस्पतिवार की शाम दुकान से सामान लेकर लौट रहे एक बच्चे पर हमला कर दिया। धामपुर के निजी अस्पताल में बच्चे की मौत हो गई। गुलदार के हमले से इस साल यह 16वीं मौत है।
शाहपुरजमाल निवासी संजय परिवार के साथ माननगर के समीप रहते है। बृहस्पतिवार की शाम उनका 10 वर्षीय पुत्र नैतिक उर्फ नन्हू गांव में सड़क पार स्थित एक परचून की दुकान से सामान खरीदने के लिए गया था। लौटते समय गुलदार ने उसपर हमला कर दिया और उठाकर ले जाने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाया तो गुलदार बच्चे को छोड़कर जंगल में भाग गया।