बिजनौर। गन्ना आयुक्त ने मंगलवार को बिजनौर की शुगर मिलों के लिए गन्ने के रकबे का आवंटन कर दिया है। स्योहारा शुगर मिल क्षेत्र में सबसे ज्यादा रकबा घटा है। कई नए क्रय केंद्र भी बने हैं। नजीबाबाद की सहकारी शुगर मिल के रकबे में बढ़ोतरी की गई है।
पेराई सत्र 2013-14 में जिले में गन्ने का रकबा 2.09 लाख हेक्टेयर था, लेकिन जिले में इस बार गन्ने का रकबा घटकर करीब दो लाख हेक्टेयर ही रह गया था। स्वाभाविक है कि सभी मिलों के क्षेत्र में पिछले साल के मुकाबले रकबा घटना था, लेकिन रकबे के आवंटन पर गौर करें तो सुरक्षण आदेश के अनुसार स्योहारा शुगर मिल का सर्वाधिक यानी तीन हजार हेक्टेयर रकबा घटा है। बिलाई मिल का रकबा 1723 हेक्टेयर घटा है। माना जा रहा था कि बिलाई मिल का रकबा सबसे ज्यादा घटेगा। इस मिल ने समय से गन्ने का भुगतान नहीं किया था। मिल पर करीब तीन माह से भी अधिक तक किसानों ने धरना दिया था। बिलाई मिल के किसानों ने भी मिल से क्रय केंद्र अलग कराने की गुहार गन्ना विभाग से लगाई थी, लेकिन बिलाई मिल पर गन्ना आयुक्त का रहमोकरम रहा। इस मिल के क्रय केंद्र भी अधिक नहीं घटे हैं। बुंदकी, धामपुर मिल क्षेत्र में सामान्य घटोतरी हुई है। निजी शुगर मिलों में सबसे पहले समस्त भुगतान करने वाली बिजनौर व चांदपुर शुगर मिल के रकबे में भी कटौती हुई है। नजीबाबाद सहकारी मिल के रकबे में 591 हेक्टेयर की बढ़ोतरी हुई है। ज्यादातर किसान नजीबाबाद मिल क्षेत्र में ही अपना क्रय केंद्र लगवाना चाहते थे। इस मिल ने समय से गन्ने का भुगतान किया था। इंटरनेट पर जारी आंकड़ों के अनुसार बरकातपुर शुगर मिल का रकबा व क्रय केंद्रों की स्थिति देर रात जारी नहीं हुई थी।
मिल पिछले साल इस साल
स्योहारा 34309 31309
धामपुर 41881 40073
बिलाई 24915 23192
बुंदकी 26775 26073
बिजनौर 10264 9132
बहादरपुर 27434 26282
चांदपुर 14648 13918
बरकातपुर 20359 ?
नजीबाबाद 15158 15749
नोट: आंकड़े इंटरनेट से लिए गए है और रकबा हेक्टेयर में है।
ये हैं नए क्रय केंद्र
बिजनौर मिल क्षेत्र में कंभौर को दो भागों में विभाजित कर दिया गया है। कंभौर प्रथम व द्वितीय, छितावर से विभाजित करके चतरभोजपुर कुशल नया क्रय, खानजहाबहादरपुर को बाकरपुर से अलग करके नया केंद्र बनाया गया है। मसूरी व मंगोलपुरा भी नया केंद्र बने हैं। नजीबाबाद में भनेड़ा द्वितीय नया केंद्र बना है। बुदंकी मिल में खुर्रमपुर खड़क नया केंद्र बना है। इनके अलावा कोई खास परिवर्तन नहीं किया गया है।
चर्चाएं ये भी हैं
बरकातपुर मिल का नतीजा देर रात तक जारी नहीं हुआ था। चर्चाएं हैं कि बिजनौर मिल क्षेत्र से काटकर मंडावली प्रथम, गिदड़पुरा, लक्खूवाला, मोहम्मदपुर बरकातपुर शुगर मिल को दिए गए हैं।
किस पर कितने केंद्र
बहादपुर मिल पर 61 केंद्र, बिजनौर पर 22, धामपुर लगभग 205, नजीबाबाद में 40, बुंदकी में 72, चांदपुर में 50, बिलाई पर 100, स्योहारा पर 167 केंद्र हैं।