विद्युत तार टूटा, 15 बीघा गेहूं की फसल जली
हल्दौर। गांव फरीदपुर सधीरन के ग्राम प्रधान के खेत में एचटी लाइन का तार टूटकर गिर गया। इससे निकली चिंगारी से उनकी करीब 15 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने जर्जर विद्युत लाइनों को लेकर विद्युत निगम के खिलाफ रोष प्रकट किया है।
ग्राम पंचायत फरीदपुर सधीरन के ग्राम प्रधान वरुण प्रताप सिंह हनी का ग्राम पंचायत नसीरपुर नैनसिंह में खेत है। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार शाम करीब चार बजे एचटी लाइन का विद्युत तार टूटकर उनके खेत में गिर गया। उस समय बिजली आपूर्ति चालू थी। बिजली के तारों से निकली चिंगारी से खेत में खड़ी करीब 15 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। वहां काम कर रहे किसानों ने मामले की सूचना गांव फरीदपुर सधीरन और नसीरपुर नैन सिंह ग्रामीणों, ग्राम प्रधान और बिजलीघर सिसौना को दी। विपिन कुमार, ज्ञानेंद्र, राजीव कुमार, शिवम विनीत आदि का आरोप है कि विद्युत निगम अधिकारियों ने सूचना देने के करीब आधा घंटे बाद आपूर्ति बंद की।
विद्युत आपूर्ति बंद होने के बाद दोनों गांवों के लोगों ने आसपास के नलकूपों से पानी डालकर आसपास के किसानों की फसल को आग की चपेट में आने से बचाया। फरीदपुर सधीरन के ग्राम प्रधान वरुण प्रताप उर्फ हनी उनकी फसल में लगी आग से करीब दो लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। उन्होंने मामले की शिकायत एसडीएम सदर से की। वहीं, गांव पैजनियां में नरदेव सिंह के गेहूं के खेत पर एलटी लाइन के तार आपस में भिड़ जाने से उसमें निकली चिंगारी से करीब दो बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। आसपास काम कर रहे किसानों ने मौके पर पहुंचकर नलकूपों से पानी डालकर बमुश्किल आग पर काबू पाया।
इन बातों का खास ध्यान रखें किसान
बिजनौर। किसान कुछ बातों का ध्यान रखते हुए अपनी फसल को अग्निकांड से बचा सकते हैं। जिले में करीब डेढ़ लाख हेक्टेयर जमीन में गेहूं की खेती होती है। खेतों में गेहूं की फसल तैयार खड़ी है। लेकिन फसल कटने से पहले ही हादसे होने लगे हैं। खेतों में खड़ी फसल को आग स्वाहा कर रही है। ऐसे में किसानों को जागरूक होने की जरूरत है।
ये करें उपाय
- कटने के बाद फसल को कई जगह एकत्र कराएं।
- एकत्र फसल के बीच की घास या गेहूं के कटे पौधे बिल्कुल हटा दें।
- बिजली की तार के नीचे फसल एकत्र न करें।
- गेहूं के खेत के आसपास कूड़ा आदि न जलाएं।
- गेहूं के खेत में बीड़ी या सिगरेट न पिएं।
- कूड़ी पर अंगारे आदि न डालें।
- बिजली की ढीली तारों को टाइट कराएं।
- खेतों के पास ट्यूबवेल चलाकर पानी की व्यवस्था रखें।
जिला अग्निशमन अधिकारी संतोष कुमार राय के अनुसार किसान खेतों के पास आग से बचाव के उपाय करें। गर्मी के मौसम में जरा सी लापरवाही बड़े अग्निकांड का कारण बन सकती है।